एचसीएस ऑफिसर आशुतोष राजन की माता का निधन, शोक प्रकट करने पहुंच हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष

चंडीगढ़। हरियाणा के एचसीएस अधिकारी आशुतोष राजन की माता के आकस्मिक निधन के बाद उनके आवास पर शोक की लहर छाई हुई है। वीरवार को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक हस्तियां आशुतोष राजन के निवास स्थान पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के साथ दुख साझा किया।

विधायक रणधीर पनिहार, हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त देविंदर कल्याण, आईएएस मुकेश आहूजा, सेवानिवृत्त एचसीएस अशोक बंसल, इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु तथा पूर्व एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने आशुतोष राजन के घर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभी ने परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की कि दिवंगत माता जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। आगंतुकों ने आशुतोष राजन को इस कठिन समय में हौसला बनाए रखने और मजबूती से खड़े रहने का संबल दिया। उन्होंने कहा कि मां का साया हर व्यक्ति के जीवन का सबसे बड़ा सहारा होता है और उनका निधन अपूरणीय क्षति है।

आशुतोष राजन हरियाणा सिविल सेवा के एक जिम्मेदार अधिकारी के रूप में हरियाणा पंचायत विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी माता के निधन की सूचना मिलते ही शुभचिंतकों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग लगातार उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। पूरा प्रशासनिक और राजनीतिक वर्ग इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ा है।

परिवार के प्रति संवेदनाएं: विभिन्न संगठनों और व्यक्तियों ने आशुतोष राजन तथा उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *