चंडीगढ़। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) हरियाणा ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 किलो 84 ग्राम चरस के साथ हिमाचल प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों की पहचान राहुल (24) निवासी तहसील कुल्लू और रमजान (24) निवासी जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। रेलवे मार्गों से होने वाली तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और नेटवर्क को खत्म करने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय मजबूत किया जा रहा है। एसपी जीआरपी नितिका गहलोत ने बताया कि स्टेशन पर चल रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान निरीक्षक उर्मिला देवी के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके ट्रॉली बैग से 31 पैकेट चरस बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि बरामद मात्रा ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ में आने के कारण आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल जीआरपी तस्करी नेटवर्क के अन्य लिंक खंगालने में जुटी है।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 15 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
