पंचकूला। रविवार शाम पंचकूला–यमुनानगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव रिहौड़ स्थित गौशाला के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। घटना के समय चालक पंचकूला की ओर से अपनी बीट कार में सवार होकर हाईवे पर मौली की तरफ जा रहा था।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। चालक के सिर में हल्की चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के चलते कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
