तांत्रिक क्रिया व झांसे में फंसाकर युवती से 14 लाख की साइबर ठगी, केस दर्ज

पंचकूला। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए कथित धर्मगुरु व उसके साथियों ने तांत्रिक क्रिया और प्रेम संबंध सुधारने का झांसा देकर एक युवती से करीब 14 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीडि़ता पंचकूला क्षेत्र की रहने वाली है और बद्दी में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, 11 दिसंबर 2025 को शिकायतकर्ता की इंस्टाग्राम पर एक युवती से बातचीत के दौरान उसे एक कथित धर्मगुरु का मोबाइल नंबर मिला। धर्मगुरु ने उसके पार्टनर को वापस लाने और सभी समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में 2150 रुपये की मांग की गई, जिसके बाद पूजा, चिराग, दुआ, तांत्रिक उपाय और विशेष अनुष्ठान के नाम पर बार-बार अलग-अलग रकम मांगी जाती रही। आरोप है कि धर्मगुरु ने डर और अंधविश्वास फैलाकर कभी परिवार में अनहोनी तो कभी युवक की जान को खतरे का डर दिखाया। इस दौरान अलग-अलग यूपीआई स्कैनर, मोबाइल नंबर और बैंक खातों में लगातार पैसे ट्रांसफर कराए गए। शिकायतकर्ता को कभी चांदी की कील, यंत्र, दुआ और पूजा सामग्री की तस्वीरें भेजकर भ्रमित किया गया, तो कभी नए अनुष्ठान का हवाला देकर रकम मंगवाई गई। लगभग एक महीने तक चले इस सिलसिले में शिकायतकर्ता से कई किस्तों में बड़ी रकम ऐंठी गई। जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपियों ने बहाने बनाकर और डराकर उससे और पैसे वसूल लिए। अंतत: शिकायतकर्ता  को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।  पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम अकाउंट, मोबाइल नंबर, यूपीआई स्कैनर और बैंक खातों का विवरण जुटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *