रॉंग साइड आ रही कार ने मारी टक्कर, फ्लाईओवर पर युवक की मौत

पंचकूला। सेक्टर-23 के समीप फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गगन निवासी पंजाब कॉलोनी, डेराबसी (जिला मोहाली) के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार 28 फरवरी की रात करीब 11 बजे गगन अपनी एक्टिवा पर घर लौट रहा था। जैसे ही वह नाडा साहिब फ्लाईओवर, सेक्टर-23 पंचकूला के पास पहुंचा, सामने से रोंग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि कार चालक टक्कर मारने के बाद युवक के ऊपर से वाहन निकालते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद राहगीरों ने घायल गगन को तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फ्लाईओवर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *