आईडीएफसी बैंक घोटाला: सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन कटोदिया गिरफ्तार, अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़। आईडीएफसी बैंक घोटाले की जांच में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन कटोदिया को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान सामने आया कि सावन ज्वेलर्स के खातों में ढाई सौ करोड़ रुपये से अधिक की रकम विभिन्न कंपनियों और फर्मों के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी। यह रकम कथित तौर पर सरकारी खातों से गैरकानूनी तरीके से निकालकर इन कंपनियों के जरिए पहुंचाई गई थी।

विजिलेंस जांच में पता चला है कि यह पैसा रिभव रिषी, अभय कुमार, अभिषेक सिंगला और स्वाति सिंगला समेत अन्य आरोपियों की कंपनियों और फर्मों से सावन ज्वेलर्स तक पहुंचाया गया। शुरुआती जांच के मुताबिक, राजन कटोदिया ने मुख्य आरोपियों के लिए कैश कन्वर्जन का काम किया और इसके बदले मोटा कमीशन लिया।

आरोप है कि रकम को वैध दिखाने के लिए ज्वेलरी शॉप की ओर से इन कंपनियों के नाम सोने के आइटम्स की फर्जी बिक्री दिखाकर लेनदेन को रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि राजन कटोदिया ने इस पूरे घोटाले में शुरुआत से ही षड्यंत्र रचने और उसे अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। जांच में यह भी सामने आया है कि सावन ज्वेलर्स ने कई कंपनियों से अनधिकृत तरीके से रकम मिली थी।

एसीबी के मुताबिक आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसी पुलिस रिमांड लेकर पूरे नेटवर्क और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *