पंचकूला। बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह (अदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) के नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गाने के बोल और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों को लेकर पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर थाना में शिकायत दी गई है। शिकायत चंडीमंदिर निवासी अभय चौधरी ने 6 मार्च को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। शिकायत में कहा गया है कि बादशाह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी यह गाना सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि गाने में कुछ ऐसे शब्द और दृश्य दिखाए गए हैं जो समाज के लिए आपत्तिजनक हैं और गलत संदेश दे सकते हैं। शिकायत के मुताबिक वीडियो में लड़कियों को स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाया गया है और स्कूल जैसे माहौल को “बादशाला” नाम से दर्शाया गया है, जिसे पाठशाला शब्द का विकृत रूप बताया गया है। साथ ही गाने की एक लाइन को भी आपत्तिजनक बताया गया है।शिकायत में कहा गया है कि इस तरह का चित्रण समाज में महिलाओं और बच्चियों की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। साथ ही स्कूल जैसे शिक्षा से जुड़े माहौल को इस तरीके से दिखाने से बच्चों और युवाओं के मन पर भी गलत असर पड़ सकता है। अभय चौधरी ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले में तुरंत मामला दर्ज कर गाने के प्रसारण पर रोक लगाई जाए और गायक बादशाह के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की सामग्री बनाने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।
