चंडीगढ़। नगर निगम (एमसी) चंडीगढ़ की शिकायत पर करोड़ों रुपये की फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) का मामला सामने आया है। इस संबंध में चंडीगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड से नगर निगम को धनराशि स्थानांतरित करने के दौरान आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में एक खाता खोला गया था। इसी खाते के माध्यम से बैंक प्रबंधक द्वारा फिक्स्ड डिपॉजिट रसीदें (एफडीआर) जारी की गई थीं। हालांकि, बाद में जब इन फिक्स्ड डिपॉजिट रसीदों की सत्यता की जांच की गई तो वे फर्जी पाई गईं। इन फर्जी एफडी की कुल राशि करीब 116.84 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में बैंक कर्मचारियों और नगर निगम के कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
